Online News Portal for Daily Hindi News and Updates with weekly E-paper

हरियाणा में 22 जिले पर भाजपा ने बना दिए 27 जिलाध्यक्ष, पार्टी ने जो 5 नए जिले बनाए हैं

23
Tour And Travels

चंडीगढ़
हरियाणा में भाजपा ने जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। पार्टी ने राज्य के कुल 22 जिलों में 27 जिलाध्यक्ष बनाए हैं। ऐसा पहली बार हुआ है, जब 5 जिलाध्यक्ष अतिरिक्त घोषित किए गए हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इससे संगठन को मजबूत करने में मदद मिलेगी। सोमवार को ही जारी अधिसूचना में बताया गया है कि पंचकूला के जिलाध्यक्ष अजय मित्तल होंगे। इसके अलावा अनिल विज का गढ़ कहे जाने वाले अंबाला जिले में संगठन की कमान मंदीप राणा संभालेंगे। यमुनानगर से राजेश सपरा को चुना गया है तो वहीं कुरुक्षेत्र से सरदार तेजेंद्र गोल्डी पार्टी की कमान संभालेंगे। कैथल में महिला नेतृत्व चुना गया है। यहां ज्योति सैनी जिलाध्यक्ष होंगी। इसके अलावा करनाल में प्रवीण लाठर, पानीपत में दुष्यंत भट्ट, सोनीपत में अशोक भारद्वाज, गोहाल में बिजेंद्र मलिक जिलाध्यक्ष रहेंगे।

पार्टी ने जो 5 नए जिले बनाए हैं, उनमें हांसी शामिल है, जिसे हिसार से अलग किया गया है। इसके अलावा सोनीपत से अलग गोहाना, सिरसा से अलग डबवाली, फरीदाबाद से अलग बल्लभगढ़, गुरुग्राम से अलग पटौदी जिले बनाए गए हैं। ये जिले संगठन की दृष्टि से कामकाज को मजबूत करने के लिए सृजित किए गए हैं। दरअसल गुरुग्राम, सोनीपत, फरीदाराद जैसे जिलों की आबादी काफी घनी है। इसके अलावा सिरसा और हिसार बड़े जिले हैं। ऐसे में कुछ हिस्से को अलग करके संगठन के नजरिए से नए जिले का सृजन किया गया है। अब तक भाजपा यूपी में ऐसी रणनीति पर अमल करती रही है। जैसे गाजियाबाद, नोएडा, कानपुर और लखनऊ जैसे शहरों में जिलाध्यक्ष के अलावा महानगर अध्यक्ष भी बनाए जाते रहे हैं ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में अलग-अलग ढंग से काम किया जा सके।

भाजपा ने अपनी सूची में ओबीसी समाज को प्राथमिकता दी है। गुर्जर, सैनी, जाट समाज के कई नेताओं को जिलाध्यक्ष बनाया गया है तो वहीं सिख समुदाय से ताल्लुक रखने वाले सरदार तेजेंद्र गोल्डी को कुरुक्षेत्र की कमान दी गई है।